रेशमबाड़ी चाकूबाजी और हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार; चार की तलाश जारी

### रेशमबाड़ी चाकूबाजी और हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार; चार की तलाश जारी

रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में हुए खूनी विवाद और चाकूबाजी में लीलाधर की मौत के मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 18 वर्षीय सुभाष और 19 वर्षीय विनोद कश्यप शामिल हैं। वहीं, मामले में नामजद अन्य चार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी निवासी राम अवतार के घर पहुंच गया, जहां परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस दौरान लीलाधर, राहुल और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकूबाजी में लीलाधर, राहुल समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल का उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए। फील्ड यूनिट की मदद से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। वादी जोहरी लाल की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 618/2026, धारा 103(1), 191(3), 118(1) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना और गवाहों के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने 27 नवंबर को शाम 4:50 बजे किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से दो नामजद आरोपियों सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह निवासी वार्ड नंबर 12 रेशमबाड़ी और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप निवासी वार्ड नंबर 13 दूधियानगर, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। मामले में अग्रिम विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

IMG-20261111-WA0006.jpg

IMG-20261111-WA0003.jpg

IMG-20261111-WA0005.jpg

IMG-20261111-WA0004.jpg

IMG-20261111-WA0002.jpg

IMG-20261108-WA0019.jpg

IMG-20261108-WA0020.jpg

Advertisement