नाबालिग से दुष्कर्म कर बनाया वीडियो, साथियों ने किया वायरल — पुलभट्टा थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज।

खबरें शेयर करें -

नाबालिग से दुष्कर्म कर बनाया वीडियो, साथियों ने किया वायरल — पुलभट्टा थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज।

रुद्रपुर -सरकार भले ही महिलाओं के सशक्तिकरण और बेटियों को बचाने-पढ़ाने को लेकर कई योजनाएं चला रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर कई बार ये दावे खोखले साबित होते नजर आते हैं। ऐसा ही एक मामला थाना पुलभट्टा क्षेत्र के बरा चौकी अंतर्गत ग्राम बरी से सामने आया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरी निवासी एक व्यक्ति ने थाना पुलभट्टा में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग भतीजी को रात के समय पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने घर से बाहर बुलाया। आरोप है कि युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। वहीं मौके पर मौजूद उसके दो अन्य साथियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे वायरल कर दिया।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में एफआईआर संख्या 42/26 दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 65(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।