एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश: गैस कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई, डीएम नितिन सिंह भदौरिया की बैठक के बाद इंडेन एजेंसी पहुंचे तहसीलदार दिनेश कुटौला।

खबरें शेयर करें -

एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश: गैस कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई, डीएम नितिन सिंह भदौरिया की बैठक के बाद इंडेन एजेंसी पहुंचे तहसीलदार दिनेश कुटौला।

रूद्रपुर, 12 मार्च 2026। घरेलू गैस की कालाबाजारी, भंडारण और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला सभागार में ईंधन गैस से संबंधित बैठक लेते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने साफ कहा कि गैस कालाबाजारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनता से अपील की कि गैस को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस की स्थिति सामान्य है और ऑनलाइन बुकिंग करने पर निर्धारित समय में गैस सिलेंडर घर तक पहुंचाया जा रहा है। जो उपभोक्ता पहले बुकिंग करेगा, उसे पहले सिलेंडर की डिलीवरी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनपद में लगभग 40 गैस डिलीवरी केंद्र संचालित हैं, जहां से वाहनों के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाई जाती है। इसलिए गैस गोदामों या डिलीवरी केंद्रों पर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को गैस वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए और गैस गोदामों व वितरण केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की टीमें तैनात करने के साथ क्यूआरटी टीम लगाने को भी कहा।

गैस से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला आपदा कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। कंट्रोल रूम के नंबर 05944-250250, 05944-250500 तथा टोल फ्री नंबर 18002333555 जारी किए गए हैं।

इसी बीच गैस किल्लत को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच तहसीलदार दिनेश कुटौला इंडेन गैस एजेंसी पहुंचे और वहां की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी संचालकों से गैस सप्लाई की स्थिति और उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों की जानकारी ली। तहसीलदार ने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही सप्लाई व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी। वीडिओ सौजन्य -खबर धमाका

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि सभी गैस गोदामों और वितरण केंद्रों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। यदि कहीं भी गैस कालाबाजारी की सूचना मिलती है तो तत्काल थाना, चौकी या कंट्रोल रूम को जानकारी दें, ताकि दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, डीएफओ हिमांशु बागरी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।