

नशेड़ी के लिए देवदूत बने पार्षद राजेंद्र राठौड़, कई घंटों से बेहोश पड़े व्यक्ति की बचाई जान

रुद्रपुर के शिव नगर वार्ड नंबर 9 में मानवता की मिसाल उस समय देखने को मिली जब कई घंटों से बेहोशी की हालत में पड़े एक व्यक्ति की मदद के लिए वार्ड पार्षद राजेंद्र राठौड़ देवदूत बनकर सामने आए। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति लंबे समय से नशे की हालत में वार्ड में पड़ा हुआ था, लेकिन कई घंटों तक किसी ने उसकी सुध नहीं ली।
इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने इस घटना की सूचना वार्ड पार्षद राजेंद्र राठौड़ को दी। सूचना मिलते ही पार्षद राजेंद्र राठौड़ मौके पर पहुंचे और देखा कि एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया।
कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और पार्षद राजेंद्र राठौड़ तथा स्थानीय लोगों की मदद से बेहोश व्यक्ति को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से अब उस व्यक्ति की हालत ठीक बताई जा रही है।
इस दौरान वार्ड के कई स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया और मानवता का परिचय देते हुए मदद के लिए आगे आए। क्षेत्र के लोगों ने पार्षद राजेंद्र राठौड़ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाकर मानवता का सच्चा परिचय दिया है।
