### आईपीएस मणिकांत मिश्रा की ऊधमसिंहनगर में फिर वापसी, दूसरी पारी पर रहेंगी सबकी निगाहें; ऑपरेशन लंगड़ा से लेकर काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या कांड तक पिछले कार्यकाल में रहे थे सुर्खियों में
अजय गणपति कुम्भार को एसडीआरएफ की कमान, नैनीताल को मिले नए कप्तान अर्पण यदुवंशी, उत्तराखंड पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में ऊधमसिंहनगर और नैनीताल समेत प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों के पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा ऊधमसिंहनगर के पूर्व एसएसपी आईपीएस मणिकांत मिश्रा की वापसी को लेकर है। उन्हें एक बार फिर जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं वर्तमान एसएसपी अजय गणपति कुम्भार का तबादला कर उन्हें एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है।
जारी तबादला सूची के अनुसार अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। ऊधमसिंहनगर में अब आईपीएस मणिकांत मिश्रा पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस तरह वह जिले में अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रहे हैं।
आईपीएस मणिकांत मिश्रा इससे पहले भी ऊधमसिंहनगर में एसएसपी के पद पर तैनात रह चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल के दौरान जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन लंगड़ा से लेकर काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण तक कई मामले सुर्खियों में रहे थे। विशेष रूप से किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे। इस मामले में तत्कालीन एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। इसके बाद फरवरी 2026 में उनका तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब करीब नौ महीने बाद उनकी ऊधमसिंहनगर में वापसी हुई है।
मणिकांत मिश्रा की वापसी ऐसे समय हुई है, जब ऊधमसिंहनगर जिला अपराध, नशे के अवैध कारोबार, संगठित अपराध और कानून व्यवस्था जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। उनके सामने जिले में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने, पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार करने और आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी। पिछले कार्यकाल के अनुभवों के आधार पर अब उनकी दूसरी पारी को लेकर जिले में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं अजय गणपति कुम्भार को एसडीआरएफ के सेनानायक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यकाल के दौरान ऊधमसिंहनगर पुलिस ने विभिन्न अभियानों के तहत अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की। अब जिले की कमान मणिकांत मिश्रा को सौंपे जाने के बाद पुलिस महकमे में नई व्यवस्था के तहत कामकाज आगे बढ़ेगा।
शासन की ओर से किए गए अन्य तबादलों में देवेंद्र पींचा को पौड़ी, सरिता डोबाल को टिहरी, अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली और जगदीश चंद्र को बागेश्वर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक नियुक्त किया गया है। सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय, पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव का सेनानायक और हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है।
इसके अलावा अमित श्रीवास्तव प्रथम को एसपी अभिसूचना, विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में एसपी, जितेंद्र मेहरा और सुरजीत पंवार को पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद अब ऊधमसिंहनगर जिले में मणिकांत मिश्रा की वापसी सबसे अधिक चर्चा का विषय बनी हुई है। ऑपरेशन लंगड़ा और किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण के दौरान सुर्खियों में रहे मणिकांत मिश्रा अब दूसरी पारी में किस तरह पुलिस व्यवस्था को आगे बढ़ाते हैं, इस पर जिले के लोगों और पुलिस महकमे की निगाहें रहेंगी। एक बार फिर ऊधमसिंहनगर की पुलिस कमान मणिकांत मिश्रा के हाथों में होगी और उनकी दूसरी पारी जिले की कानून व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।











