

भव्य स्वागत में झलकी नई जिम्मेदारी की चमक, मंत्री बनने के बाद पहली सभा में भावुक हुए प्रदीप बत्रा।


रुद्रपुर -हाल ही में उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री बने प्रदीप बत्रा के सम्मान में उनके ग्राम निवास पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
स्वागत समारोह का मुख्य आकर्षण वह क्षण रहा जब बत्रा को पारंपरिक अंदाज में लड्डुओं से तोला गया। इस अनोखी परंपरा ने उपस्थित लोगों का ध्यान खास तौर पर अपनी ओर खींचा और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
अपने संबोधन में मंत्री बत्रा ने कहा कि मंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली सभा है, जिसे वे जीवनभर नहीं भूलेंगे। उन्होंने प्रदेश और समाज की सेवा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि “मुंजाल जी से मेरा पुराना जुड़ाव है, शायद यही कारण है कि शपथ लेने के दूसरे दिन ही मैं यहां पहुंच गया।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही वे व्यवसाय से जुड़े रहे हों, लेकिन जनता की सेवा उनके लिए सर्वोपरि है।
गौरतलब है कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हाल ही में कैबिनेट विस्तार हुआ, जिसमें प्रदीप बत्रा समेत पांच विधायकों को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मंत्री बत्रा के प्रति विश्वास जताते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
