

“जनता भूखी, सरकार मस्त – गैस किल्लत से जनजीवन त्रस्त” : समाजवादी पार्टी का हुंकार प्रदर्शन।


गदरपुर में आज समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव के नेतृत्व में गैस की भारी किल्लत और सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अरविंद यादव ने कहा कि सरकार ने दिवाली और ईद जैसे त्योहारों पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने के वादे कर जनता को गुमराह किया, लेकिन आज हालात यह हैं कि लोग पैसे देने के बावजूद गैस के लिए लंबी लाइनों में खड़े होने को मजबूर हैं। उन्होंने इसे जनता के साथ खुली गद्दारी करार दिया।
उन्होंने सरकार पर कुप्रबंधन और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गलत नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं के कारण देश ऊर्जा संकट की ओर बढ़ रहा है। इसका सीधा असर आम जनता, छोटे व्यापारियों और उद्योगों पर पड़ रहा है, जहां छोटे होटलों के चूल्हे ठंडे पड़ चुके हैं और कई छोटे कारखाने बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
अरविंद यादव ने आस्था के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि जिस अयोध्या के नाम पर सरकार सत्ता में आई, उसी पवित्र नगरी में ‘सीता रसोई’ का गैस के अभाव में बंद होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सरकार की बड़ी विफलता को दर्शाता है।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी उग्र आंदोलन करते हुए चक्का जाम करेगी। उन्होंने कहा, “अब याचना नहीं, रण होगा – जनता के हक के लिए महासंग्राम होगा।”
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से शिव अवतार शर्मा, अमित कुमार, राम सिंह सागर, अरविंद दिवाकर, इमरान अंसारी, विनोद गौड़, शीशपाल यादव, दीपक सागर, राहुल कुमार, मो. सलीम, मो. सनावर, मो. आज़म, रहीस लाला, अमन प्रजापति, ज़मील अनवर, चम्पा देवी, मुन्नी देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।
