पराग फार्म में धान फसल बर्बाद, किसानों पर कर्ज का संकट; कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना।

खबरें शेयर करें -

पराग फार्म में धान फसल बर्बाद, किसानों पर कर्ज का संकट; कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना।


रुद्रपुर -उधम सिंह नगर में किसानों की समस्याएं लगातार गहराती जा रहीg हैं। पराग फार्म क्षेत्र में धान की फसल समय पर नहीं कट पाने के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते किसान बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं। जिन किसानों ने ठेके पर जमीन लेकर खेती की थी, वे अब भारी कर्ज के बोझ तले दब गए हैं, जिसका सीधा असर उनके परिवार और बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।

प्रवक्ता के अनुसार, कुछ किसान मानसिक दबाव में आकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार हुए हैं, जबकि कई मामलों में हार्ट अटैक से मौत होने की बात भी सामने आई है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते हाईकोर्ट में प्रभावी पैरवी की होती, तो किसानों को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। उल्लेखनीय है कि हाल ही में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने उधम सिंह नगर में धान की खेती से जुड़े प्रशासनिक आदेशों पर रोक लगाते हुए किसानों को अंतरिम राहत दी थी ।

इधर सितारगंज क्षेत्र के ग्राम गडरिया बाग में किच्छा शुगर फैक्ट्री बंद होने के कारण गन्ने की फसल भी खेतों में खड़ी है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।

कांग्रेस ने मांग की है कि राज्य सरकार मानवता के आधार पर तत्काल हस्तक्षेप करे और प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करे। साथ ही, यदि किसी किसान की आत्महत्या होती है तो उसकी जिम्मेदारी तय कर उचित कार्रवाई की जाए।