

रुद्रपुर में मदिरा दुकानों की लॉटरी: 43 दुकानों का आवंटन, 257 आवेदनों में मची कड़ी टक्कर।


रुद्रपुर, 20 मार्च 2026 — जनपद में मदिरा दुकानों के आवंटन को लेकर शुक्रवार को जिला सभागार में बड़ा आयोजन किया गया, जहां जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन और उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय की अध्यक्षता में लॉटरी पद्धति से कुल 43 दुकानों का आवंटन किया गया।
इस प्रक्रिया में 24 देशी और 19 विदेशी मदिरा दुकानों के लिए कुल 257 आवेदन प्राप्त हुए, जिससे आवंटन में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
जनपद में कुल 152 मदिरा दुकानों में से 132 दुकानों का पहले ही नवीनीकरण किया जा चुका है। शेष 20 पुरानी और 23 नई दुकानों का आवंटन इस लॉटरी के माध्यम से संपन्न कराया गया।
विदेशी मदिरा की 7 दुकानों पर केवल एक-एक आवेदन प्राप्त होने के कारण उन्हें सीधे आवंटित कर दिया गया, जबकि अन्य दुकानों के लिए लॉटरी निकाली गई। खास बात यह रही कि रामराज रोड मंडी गेट बाजपुर की दुकान के लिए सबसे अधिक 62 आवेदन आए, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर साफ नजर आया।
वहीं देशी मदिरा की 11 दुकानों पर एकल आवेदन आने से सीधे आवंटन हुआ, जबकि अन्य दुकानों के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। मलसा गिरधरपुर की दुकान के लिए 30 आवेदन और छिनकी किच्छा के लिए 17 आवेदन प्राप्त हुए, जो इस प्रक्रिया में सबसे ज्यादा मांग वाली दुकानों में शामिल रहीं।
इस दौरान प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र बिष्ट, आवेदकगण और संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
