

ऊधमसिंह नगर में गैस वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब सिर्फ होम डिलीवरी से मिलेगा सिलेंडर।


रुद्रपुर -ऊधमसिंह नगर में घरेलू गैस वितरण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय और आईओसी से प्राप्त गाइडलाइन के अनुपालन में अब उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के बाद केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार 24 मार्च 2026 से जनपद में संचालित सभी गैस एजेंसियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि घरेलू गैस का वितरण घर-घर पहुंचाकर ही किया जाए। गैस प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) देना अनिवार्य होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई गैस एजेंसी संचालक गोदाम से सीधे गैस का वितरण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शिकायत दर्ज कराने हेतु आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 05944-250250, 05944-250500 तथा एलपीजी टोलफ्री नंबर 18002333555 जारी किए गए हैं।
