

“लंबे समय बाद जिले का कोई पुलिस कप्तान दिखा एक्शन मूड में” — मीडिया रिपोर्ट का संज्ञान लेते ही SSP ने पूरी चौकी को किया लाइन हाजिर।


रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लंबे समय बाद जिले का कोई पुलिस कप्तान एक्शन मूड में दिखाई दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ajay Ganpati ने मीडिया और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए चौकी शक्तिफार्म में तैनात पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई कर दी।
दरअसल पिछले कुछ समय से शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन को लेकर स्थानीय समाचार पत्रों और मीडिया में लगातार खबरें प्रकाशित हो रही थीं। खबरों में बताया जा रहा था कि क्षेत्र में खुलेआम मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है और इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इन खबरों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी Ajay Ganpati ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की और जांच के बाद सख्त कदम उठाया।
जांच में सामने आया कि चौकी शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा सका और ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरती गई। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी ने चौकी प्रभारी सहित पूरी चौकी को लाइन हाजिर कर दिया।
कार्रवाई के तहत चौकी प्रभारी शक्तिफार्म उप निरीक्षक प्रकाश चन्द्र भट्ट सहित कुल 08 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है। एसएसपी का स्पष्ट संदेश है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आई तो आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद जहां अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस विभाग में भी स्पष्ट संदेश चला गया है कि अब लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही यह भी चर्चा में है कि मीडिया और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के आधार पर इतनी बड़ी कार्रवाई होना यह दिखाता है कि पुलिस कप्तान जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रहे हैं।
